व्यापार मंडल समाचार

sसमाचार और भी हैं : पृष्ठ        

   मंडलायुक्त कंपनी बाग को उद्यान अधिकारियों के हाथों हो रहे विनाश से बचायें - व्यापार प्रतिनिधि मंडल

सहारनपुर (२१ जुलाई) सहारनपुर स्थित कंपनी बाग हमारे शहर की जीवन रेखा है, यहां के पर्यावरण को बचाये रखने में इसका अत्यन्त महत्वपूर्ण योगदान है। हर रोज हजारों नगरवासी प्रातः एवं सायं शुद्ध वायु में भ्रमण के लिये सुबह-शाम आते हैं पर उद्यान के अधिकारियों ने निहित स्वार्थ के चलते हमारे पूर्वजों की इस अनुपम देन को भी वैडिंग प्वाइंट बना डाला है। विवाह समारोहों के आयोजन से इस औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केन्द्र की दुर्लभ वनस्पतियों को, यहां के स्वास्थ्यकर वातावरण को कितनी क्षति पहुंचती है, इसकी कतई चिंता न करते हुए गैस के सिलिंडर, डीज़ल जनरेटर सैट, प्लास्टिक व थर्मोकोल का धड़ल्ले से उपयोग करने की अनुमति यहां के उद्यान अधिकारी देते चले आ रहे हैं। ऐसे विवाह समारोहों के अगले कुछ दिनों तक यहां घास में बचा हुआ खाना, जूठन, प्लास्टिक के गिलास, कटोरी पड़े सड़ते रहते हैं, दुर्गन्ध पैदा करते हैं पर ये अधिकारी जिन पर इस उद्यान की रक्षा का, इसके विकास का, उन्नति का, इसके सदुपयोग का उत्तरदायित्व है, इसके विनाश पर तुले हुए हैं। सही देखभाल न होने के कारण यहां के दुर्लभ वृक्ष सूख - सूख कर गिर रहे हैं, चंदन के वृक्ष चोरी हो रहे हैं पर यहां के अधिकारी प्राकृतिक वातावरण के स्थान पर वाकिंग प्लाज़ा के निर्माण को कंपनी बाग की उन्नति मान बैठे हैं, विवाह समारोहों के आयोजन को इस संस्थान के लिए हितकर समझ रहे हैं।

उक्त पृष्ठभूमि में सहारनपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की ओर से आज श्री आर. पी. शुक्ल, मंडलायुक्त, सहारनपुर मंडल को एक ज्ञापन देकर मांग की गईं कि :-
१ - कंपनी बाग में विवाह समारोहों हेतु अनुमति दिया जाना तत्काल बन्द किया जाये ताकि कंपनी बाग को इन आयोजनों से होने वाली क्षति रुक सके।

२ - कंपनी बाग स्थित झील को पुनः चालू करते हुए उसमें नौकायन आदि की व्यवस्था आरंभ की जाये व उसके लिये शुल्क वसूल करते हुए उस राशि को कंपनी बाग के विकास में खर्च किया जाये।


    ३ - कंपनी बाग में भ्रमण हेतु जो दैनिक / मासिक शुल्क लेना आरंभ किया गया है, उसे बन्द किया जाये। मंडलायुक्त को दिये गये ज्ञापन में जिलाध्यक्ष शीतल टंडन व महानगर सचिव विवेक मनोचा ने माननीय उच्च न्यायालय के निर्णय का हवाला देते हुए कहा कि न्यायालय द्वारा व्यवस्था दी गई है कि प्राकृतिक संपदा को सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है और पार्क एवं उद्यान आदि में विवाह तथा अन्य समारोह करने की अनुमति देना अपराध की श्रेणी में आता है। व्यापारियों का कहना था कि संबंधित अधिकारियों द्वारा कंपनी बाग की भूमि को विवाह आदि समारोह के लिये उपलब्ध कराना माननीय उच्च न्यायालय के आदेशों का खुला उल्लंघन है। महासचिव विवेक मनोचा ने कंपनी बाग में भ्रमण शुल्क वसूल किये जाने को भी अनुचित बताते हुए कंपनी बाग में स्थित झील का पुनर्निर्माण कर बोटिंग हेतु शुल्क निर्धारित किये जाने की मांग की।

व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि जिस स्थान पर विवाह समारोह आदि का आयोजन किया जा रहा है वहां रोज़ गार्डन एवं फव्वारा स्थापित किया जाना चाहिये। प्रतिनिधि मंडल में नगर संयोजक सुरेन्द्र मोहन चावला, प्रभारी राज कुमार विज, एस. के. दुआ, नीरज जैन, कमल गुप्ता, सुमन भटेजा, उज़मा फरहत अमित गगनेजा, सुरेन्द्र पुंडीर, संजय भसीन आदि भी शामिल थे।

व्यापार मंडल  के चिकित्सा शिविर में बिग बॉस ने भी की कांवड़ - सेवा   

 

सहारनपुर (18 जुलाई) : "’देहरादून रोड पर ११ जुलाई से चल रहे कांवड़ चिकित्सा शिविर में उस समय एक नया उत्साह आ गया जब एम टी.वी.  के अभिनेता व लोकप्रिय रीयलिटी शो बिग बॉस के विजेता आशुतोष कौशिक भी आ पहुंचे और स्वयं कांवड़ियों की मरहम पट्टी की व उनको जलपान कराया ।  कांवड़ सेवा को प्रभु सेवा व मानव सेवा का उत्तम मार्ग बताते हुए आशुतोष कौशिक ने कहा कि यह यात्रा विश्व की अनूठी यात्राओं में से एक है जिसमें बिना किसी औपचारिक निमंत्रण के एक उद्देश्य से, एक मार्ग पर, एक वेश भूषा में लाखों नागरिक जुटते हैं और नाना प्रकार के कष्ट खुशी खुशी सहते हुए अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते चले जाते हैं।

उल्लेखनीय है कि इस मार्ग पर जलपान की व्यवस्था हेतु तो अनेकानेक संस्थाओं ने अपने अपने शिविर आयोजित किये थे परन्तु सचल चिकित्सा शिविर के रूप में सहारनपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला शिविर विशेष माना जाता है जिसमें सेवा के लिये शहर भर से व्यापारी, चिकित्सक, उद्यमी सुबह छः बजे से मध्य रात्रि तक जुटते हैं।
         

 

शिविर में कांवड़ियों को मरहम, सिर दर्द, बदन दर्द, एलर्जी, बुखार, चोट-फेंट आदि की प्रथम चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई जिसमें नगर के अनेकानेक चिकित्सकों, दवा विक्रेता संगठनों का विशेष सहयोग रहा है।

 

प्रदेशीय संगठन मंत्री महेश नारंग ने इस अवसर पर आशा व्यक्त की कि सहारनपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की सक्रियता व सामाजिक कार्यों में रुचि हर किसी के लिये प्रेरणा की स्रोत है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि व्यापार मंडल इसी प्रकार आगे भी अपनी जिम्मेदारियां पूरी निष्ठा से निभायेगा।

शिविर में सहयोग करने वालों में एस. के. दुआ, नीरज जैन, राज कुमार विज, अमित गगनेजा, संजय भसीन, हरीश खनेजा, साजन गंगा, सुरेन्द्र पुंडीर, मदन लांबा, डा. राजेश नारंग, अनिल मदान, धर्मपाल भंडारी, अशोक नारंग, अश्वनी कपाही, जसविंदर जस्सी, श्रवण मक्कड़, मुकेश सेठ,  सुशान्त सिंहल, नरेश कुमार, डा. इन्द्रजीत सिंह, विक्रांत अरोड़ा, अजय मलिक, गुलशन नारंग, गोदर्शन लाल चावल्ल, राम आनन्द, अरुणा बिरला, सीमा पाहुजा, जगदीश कालड़ा आदि अनेकानेक सदस्य रहे।           

 

व्यापार मंडल द्वारा कांवड़ियों की सेवार्थ दस-दिवसीय स्वास्थ्य शिविर  

सहारनपुर (14 जुलाई) : "’एक भरोसा, एक बल, एक आस - विश्वास’ और यह भरोसा है देवाधिदेव महादेव के नाम का जिनका नाम लेकर लाखों कांवड़िये कंधों पर कांवड़ का बोझ थामे निकल पड़ते हैं अपने - अपने घरों से। ३०० से ५०० किलोमीटर लंबी कंटकाकीर्ण पैदल यात्रा के लिये आवश्यक आत्मबल और शारीरिक बल भी वही भोले बाबा ही देते हैं। ऐसे शिव भक्तों की सेवा का पुण्यलाभ प्राप्त करने का अवसर मिले तो भला व्यापारिक जगत कैसे पीछे रह सकता है? हर वर्ष की भांति इस बार भी श्रावण मास आया और कांवड़ियों के झुण्ड के झुण्ड सड़कों पर निकलने आरंभ हुए तो व्यापार मंडल ने भी उनकी अनूठे ढंग से सेवा हेतु अपना शिविर आरंभ कर दिया। भोजन की सेवा कराने वाले, लंगर चलाने वाले भक्त तो बहुत हैं पर इस तपती दुपहरी में पांव में और कंधों पर छाले, घुटनों, टखनों पर जख्म और बुखार, खांसी का इलाज करने वाला भी तो कोई चाहिये। तो बस, सेवा का यही मार्ग चुना है सहारनपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने। सचल चिकित्सा शिविर में चिकित्सक भी मौजूद हैं और उनके लिये सहायक भी हैं। जो मरहम - पट्टी व दवाओं के बारे में नहीं जानते, वह दौड़ - दौड़ कर सबको पानी पिला कर ही प्रसन्न हैं।
         

 

सहारनपुर में देहरादून रोड पर लगे इस शिविर में मेले का सा वातावरण है। व्यापार मंडल के सदस्य सुबह छः बजे से रात्रि १२ बजे तक अपनी - अपनी ड्यूटी चार्ट के अनुसार समय दे रहे हैं। कोई दवाएं खरीद - खरीद कर ला रहा है तो कोई चिकित्सकों व ड्यूटी दे रहे सदस्यों के लिये नाश्ते का प्रबंध कर रहा है। छोटे-बड़े की कोई भावना यहां नहीं दीखती। अपने लक्ष्य की धुन में खोये अधिकांश कांवड़िये किसी भी शिविर में रुकना नहीं चाहते - थकान भी अनुभव होनी बन्द हो गई है। एक बार गंगाजल लेकर शिवालय पहुंच जायें तो विश्राम की सुध आये। जो इतनी लंबी यात्रा में बीमारी अनुभव कर रहे हैं, केवल वही मरहम लेने के लिये, पट्टी करवाने के लिये, पैर के छालों पर दवा लगवाने के लिये मिनट - दो मिनट को रुक जाते हैं। दवा लेते हैं, आशीष देते हैं और फिर अपनी यात्रा पर निकल पड़ते हैं।

ऐसे भक्तों की सेवा करने में यदि अनिर्वचनीय सुख न मिला करता होता तो भक्त शिरोमणि हनुमान जी के भी करोड़ों भक्त भला कैसे होते? 
       

  पीड़ितों की सेवा ही सच्ची मानव - सेवा : राजेन्द्र गुप्ता (अध्यक्ष, उ.प्र. उ. व्या. प्रति. मंडल (युवा इकाई)

सहारनपुर (11 जुलाई) : "  अपने लक्ष्य की ओर बढ़ रहे शिव भक्तों को चिकित्सा सुविधा प्रदान करना सेवा का अत्यन्त उदात्त एवं आदर्श स्वरूप है जिसके लिये सहारनपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल व इसके सभी सदस्य एवं पदाधिकारी साधुवाद के पात्र हैं" - यह उद्‌गार व्यापार मंडल द्वारा कांवड़ियों की सेवार्थ आरंभ किये जा रहे सचल चिकित्सा शिविर का उद्‌घाटन करते हुए  व्यापार मंडल की युवा इकाई के प्रदेश अध्यक्ष श्री राजेन्द्र गुप्त ने व्यक्त किये। श्री गुप्त स्थानीय पार्श्वनाथ प्लाज़ा परिसर में व्यापार मंडल द्वारा आयोजित सचल शिविर उद्‌घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के नाते बोल रहे थे।   

श्री गुप्त ने आगे कहा कि व्यापार मंडलों के सम्मुख सहारनपुर उद्योग व्यापार मंडल ने सेवा के एक ऐसा आदर्श प्रस्तुत किया है जिसका हर किसी को अनुकरण करना चाहिये। व्यापार मंडल की गतिविधियां सिर्फ सरकारी विभागों में व्यापारियों की समस्याओं के निराकरण के लिये अधिकारियों से मिलने के साथ ही समाप्त नहीं हो जातीं।  मानवता की सेवा के लिये भी आगे बढ़ना एक आदर्श कार्य है और व्यापार मंडल को समाज हित के लिये जो - जो भी संभव हो सके, ऐसे प्रकल्प अपने हाथ में अवश्य लेने चाहियें।

इस अवसर पर पधारे विशिष्ट अतिथि डा. संजीव मिगलानी ने व्यापार मंडल के इस सेवा कार्य की भूरि - भूरि प्रशंसा करते हुए  चिकित्सक समुदाय की ओर से विश्वास दिलाया कि कांवड़ियों की चिकित्सा सेवा में हर संभव सहयोग किया जायेगा और दवाओं एवं चिकित्सकों की कोई कमी नहीं होने दी जायेगी। 

उल्लेखनीय है कि प्रति वर्ष की भांति इस बार भी यह चिकित्सा शिविर देहरादून रोड पर 11  से 19 जुलाई  तक 10  दिन हेतु लगाया जा रहा है जो प्रातः छः बजे आरंभ होकर रात्रि 12 बजे तक चलेगा। 

कार्यक्रम में डा. संजीव मिगलानी को सहारनपुर रत्न से सम्मानित किया गया।  शिविर में डा. राजेश नारंग,  अखिलेश मित्तल, दीपक खेड़ा, विपिन अरोड़ा, संजय गुप्ता, यतीन्द्र अग्रवाल, जवाहर गोयल, सीमा पाहुजा, मून स्टार ढाबा, नीरज गुप्ता, नीरज अग्रवाल आदि का विशेष योगदान है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ उपाध्यक्ष कमल गुप्ता,  वरिष्ठ मंत्री ऋषिराज धींगड़ा, अखिलेश मित्तल, सुशील मित्तल, संजय भसीन, बलजीत चावल्ल, एस. के. दुआ, नीरज जैन, मदन लांबा, सुभाष जैन,  नरेश जैन, बल्देव राज खुंगर, पवन गोयल, सुरेन्द्र बत्रा, सुरेन्द्र पुंडीर, साजन गंगा, अमित गर्ग, राजेश कुमार, रम्मी धवन, संजय कर्णवाल, हरीश खनेजा, यतीन्द्र अग्रवाल, अमित गगनेजा, मुकेश ठेकेदार, नवीन सिंहल, नरेश कुमार, सतपाल कालड़ा आदि व्यापारी सदस्य भारी संख्या में उपस्थित थे।         

 

आयकर, सेवाकर व पेट्रोलियम पदार्थों पर छूट की मांग - वित्तमंत्री को ज्ञापन भेजा  

   

सहारनपुर (1 जुलाई) : "आयकर में छूट की सीमा दो लाख रुपये हो, वरिष्ठ नागरिकों व महिलाओं के लिये यह सीमा तीन लाख रुपये हो,  75 वर्ष के अधिक के वयोवृद्ध नागरिकों के लिये आयकर सीमा पांच लाख रुपये हो,   आयकर की अधिकतम दर २० प्रतिशत हो" -  इन मांगों के साथ वित्तमंत्री प्रणव मुखर्जी को सहारनपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल द्वारा ज्ञापन प्रेषित किया गया। 

ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि रेलवे व बैंकों की ही भांति आयकर विभाग को भी वरिष्ठ नागरिक हेतु आयु 65  के स्थान पर 60 वर्ष निर्धारित करनी चाहिये तथा आयकर का सर्वे और scrutiny का सरलीकरण किया जाना चाहिये।   इसके अतिरिक्त सेवा कर का दायरा छोटा करते हुए अधिकतम दर 5 प्रतिशत की जानी चाहिये व पेट्रोल, डीज़ल व रसोई गैस के दामों में १० प्रतिशत की कटौती की जानी चाहिये।

व्यापारियों की सुरक्षा एवं सुविधा की मांग करते हुए महानगर अध्यक्ष कृष्णलाल ठक्कर व महामंत्री विवेक मनोचा ने इसके लिये एक अलग मंत्रालय की आवश्यकता पर बल दिया।  उन्होंने कहा कि सरकार को रोज - रोज टैक्स बढा़ने की सोचने के स्थान पर अपने मंत्रियों और अफसरशाही के अनाप-शनाप खर्चों में कटौती करने की दिशा में कार्य करना चाहिये ताकि देश का कुछ भला हो।         

 

प्रांतीय संयुक्त मंत्री यशपाल मैनी व जिला महामंत्री राम राजीव सिंहल ने खाद्य पदार्थों व आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में कमी के लिये ठोस कदम उठाने की मांग की और आवश्यक वस्तु अधिनियम धारा ३/७ को समाप्त करने की मांग की।   विद्युत की किल्लत को दूर करने के लिये प्रांतीय संगठन मंत्री रमेश अरोड़ा तथा महेश नारंग ने एक विशेष पैकेज की तथा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र का विस्तार करते हुए उसमें सहारनपुर को शामिल करने की मांग की। 

उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड राज्य के निर्माण के बाद से ही सहारनपुर से उद्योग धन्धों में उ. प्र. से पलायन कर उत्तराखण्ड जाने की प्रवृत्ति बढ़ रही है। वहां पर विभिन्न करों में छूट, बेहतर ढांचागत सुविधायें व बिजली की किल्लत से मुक्ति इसके मुख्य कारण माने जा रहे हैं।

बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष कमल गुप्ता,  वरिष्ठ मंत्री ऋषिराज धींगड़ा, अखिलेश मित्तल, सुशील मित्तल, संजय भसीन, बलजीत चावल्ल, एस. के. दुआ, नीरज जैन, मदन लांबा, सुभाष जैन,  नरेश जैन, बल्देव राज खुंगर, पवन गोयल, सुरेन्द्र बत्रा, सुरेन्द्र पुंडीर, साजन गंगा, अमित गर्ग, राजेश कुमार, रम्मी धवन, संजय कर्णवाल, हरीश खनेजा, यतीन्द्र अग्रवाल, अमित गगनेजा, मुकेश ठेकेदार, नवीन सिंहल, नरेश कुमार, सतपाल कालड़ा आदि व्यापारी सदस्य भारी संख्या में उपस्थित थे।         

 

सैट ( Special Additional Tax) के विरोध में प्रदेशव्यापी आंदोलन - सहारनपुर में पुतला फूंका  

   

सहारनपुर (1 जुलाई ) : प्रदेश सरकार द्वारा 1 जून के सैट (Special Additional Tax) लगाये जाने के विरोध में प्रदेश व्यापी आंदोलन शुरु हो गया है।  उ. प्र. उ. व्या. प्रतिनिधि मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष पं. श्यामबिहारी मिश्रा व प्रांतीय महामंत्री श्री अरुण अग्रवाल के नेतृत्व में चल रहे इस आंदोलन के अन्तर्गत आज पूरे प्रदेश के जनपदों में सैट के पुतले फूंके गये। 

सहारनपुर में व्यापार मंडल के आंदोलन का नेतृत्व कर रहे जिला अध्यक्ष शीतल टंडन व महानगर अध्यक्ष कृष्णलाल ठक्कर ने भारी संख्या में व्यापारी प्रतिनिधियों के साथ जुलूस निकाला व कोर्ट रोड पर पार्श्वनाथ प्लाज़ा के सामने सैट का पुतला फूंक कर अपनी भावनाओं को अभिव्यक्ति दी। 

उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार ने मनमाने ढंग से वैट की चार प्रतिशत की दर में 1/2 प्रतिशत की वृद्धि व 12.50  प्रतिशत की दर में 1 % की वृद्धि कर दी है जो अन्यायपूर्ण होने के कारण व्यापारी वर्ग को स्वीकार नहीं है।

सैट का पुतला फूंकने और प्रदेश सरकार से इसे वापिस लेने की मांग करते हुए प्रांतीय संगठन मंत्री महेश नारंग,  जिला कोषाध्यक्ष स. राजपाल सिंह,  कोषाध्यक्ष एस. के. दुआ, वरिष्ठ कोषाध्यक्ष नीरज जैन, जिला युवा अध्यक्ष संजय भसीन,  जिला युवा महामंत्री मुकेश धनगर,  महिला व्यापार मंडल अध्यक्ष सुमन भटेजा, कोषाध्यक्ष इंद्रजीत कौर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरुणा बिरला, नगर संयोजक सीमा पाहुजा, संतोष मदान, मदन लांबा, दीपक खेड़ा अशोक नारंग, राजकुमार नरुला,  एच. एस. नरुला, हरीश खनेजा, सन्नी कालड़ा, अश्वनी कपाही, भुवनेश गोस्वामी,  मोहनलाल मेहंदीरत्ता,  दीपक राजदेव,  मामचंद पांचाल आदि भारी संख्या में व्यापारी इस प्रदर्शन के दौरान उपस्थित रहे।  

 

व्यापार मंडल ने दानवीर भामाशाह जयंती मनाई।  

   
 

सहारनपुर (28 जून) : "मेवाड़ की पावन भूमि पर जन्मे दानवीर भामाशाह भारत भूमि पर ही नहीं, अपितु विश्वभर में अपने राष्ट्रप्रेम व अतुलनीय त्याग के लिये सदैव याद किये जाते रहेंगे।"   राष्ट्रीय मंत्री एवं जिलाध्यक्ष शीतल टंडन ने आज व्यापार मंडल द्वारा आयोजित दानवीर भामाशाह जयंती कार्यक्रम में ये उद्‌गार व्यक्त करते हुए व्यापार मंडल के सभी सदस्यों का आह्वान किया कि प्रत्येक व्यापारी को दानवीर भामाशाह की तरह राष्ट्रभक्त व त्याग की भावना से परिपूर्ण बनने का संकल्प लेना होगा।  हम सब को आचार संहिता का मन-वचन एवं कर्म से पालन करते हुए एक आदर्श नागरिक बनना होगा।  उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है - जब जब देश पर संकट आया है, युद्ध का समय हो या प्राकृतिक आपदा आयी हो, व्यापारी समाज ने प्रत्येक अवसर पर सबसे आगे बढ़ - चढ़ कर तन-मन-धन से सहयोग किया है।  देश में स्कूल, कॉलिज, धर्मशाला, पार्क व धार्मिक स्थलों के निर्माण से लेकर गरीब बेसहारा समाज को हर प्रकार की आर्थिक सहायता के साथ देश और समाज को चलाने के कार्य में व्यापारी समाज सदैव अग्रणी भूमिका निभाता रहा है।   

 

प्रांतीय संयुक्त मंत्री यशपाल मैनी ने कहा कि व्यापारी सरकार के लिये विभिन्न करों के रूप में राजस्व एकत्र कर के राष्ट्र निर्माण में अपना बहुमूल्य योगदान देता है। भामाशाह की जयंती पर व्यापारी समाज अपने को गौरवान्वित समझते हुए न्य्के द्वारा स्थापित मूल्यों को अपनाने के लिये कृत-संकल्प रहेंगे।

 जिला महामंत्री राम राजीव सिंहल व जिला कोषाध्यक्ष स. राजपाल सिंह ने कहा कि व्यापारी वर्ग के लिये यह गौरव की बात है कि राजस्थान सरकार ने विशिष्ट लोगों को भामाशाह पुरस्कार देने की घोषणा की है।  इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष कृष्णलाल ठक्कर व महासचिव विवेक मनोचा,  संयोजक सुरेन्द्र मोहन सिंह चावला, नगर प्रभारी राज कुमार विज,  प्रांतीय संगठन मंत्री रमेश अरोड़ा,  महेश नारंग,  अमित गगनेजा, प्रांतीय मंत्री दीपक राज सिंहल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कमल गुप्ता,  ऋषिराज धींगड़ा,  नीरज जैन,  सुशील मित्तल,  एस. के. दुआ,  संजय भसीन,  चेयरमैन नरेश कुमार,  प्रांतीय पदाधिकारी सतपाल कालड़ा, ुकेश धनगर, नवीन सिंहल, सुरेन्द्र पुंडीर, साजन गंगा,  अमित गर्ग, मदन लांबा, स. गुरनाम सिंह, रमेश डाबर,  सुनील मखीजा,  बलदेव राज गुंबर आदि आदि बड़ी संख्या में व्यापारी प्रतिनिधियों ने दानवीर भामाशाह को अपने श्रद्धासुमन अर्पित किये।      

कोर कमेटी प्रभारी सैक्टर अध्यक्ष  *   नगर कार्यकारिणी सदस्यगण   संबद्ध संस्थायें * शहीद सेनानी

मंडल के उद्देश्य  *    उपलब्धियां  चयनित लक्ष्य  *    

संपर्क सूत्र प्रमुख घटनायें  * आगामी कार्यक्रम * समाचार कतरनें  *   चित्रों के आइने में